हावड़ा – पश्चिम बंगाल, बात हिन्दुस्तान की।
हावड़ा स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के जवानों ने एक यात्री के बैग से भारी मात्रा में चांदी के सामान बरामद किए। बरामद चांदी का कुल वजन करीब साढ़े 10 किलोग्राम है, जिसकी बाजार कीमत 23 लाख 23 हजार 500 रुपये बताई गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार को 28 वर्षीय विवेक कुमार साव हावड़ा स्टेशन के पुराने डीआरएम भवन के सामने पहुंचे थे। रांची निवासी विवेक कुमार को हावड़ा-रांची क्रियायोग एक्सप्रेस से झारखंड जाना था। इसी दौरान ड्यूटी पर तैनात आरपीएफ जवानों को उनकी गतिविधियों पर संदेह हुआ। इसके बाद उनके बैग की तलाशी ली गई, जिसमें बड़ी मात्रा में चांदी के सामान मिले।
बरामद सामानों में चांदी की थालियां, कटोरे, मग, दीपक, सजावटी वस्तुएं और बड़ी संख्या में सिक्के शामिल हैं। इतनी बड़ी मात्रा में चांदी ले जाने के संबंध में यात्री कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद आरपीएफ ने चांदी के सभी सामान जब्त कर यात्री को हिरासत में ले लिया।
बाद में आरपीएफ की ओर से जब्त चांदी और हिरासत में लिए गए यात्री को आगे की जांच के लिए आयकर विभाग के हवाले कर दिया गया। मामले की जांच की जा रही है।
Baat Hindustan Ki Online News Portal