हावड़ा – पश्चिम बंगाल।
■स्वच्छता व्यवस्था का अध्ययन करने पहुंचे थे राज्य मंत्री उमेश राय
पश्चिम बंगाल सरकार के संसदीय कार्य तथा नगर विकास एवं नगरपालिका मामलों के राज्य मंत्री उमेश राय ने हावड़ा नगर निगम के प्रतिनिधिमंडल के साथ देश के सबसे स्वच्छ शहर इंदौर का दौरा कर वहां की आधुनिक स्वच्छता एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन प्रणाली का विस्तृत अध्ययन किया। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने इंदौर में लागू विभिन्न स्वच्छता मॉडलों और वैज्ञानिक कचरा प्रबंधन प्रणाली का निरीक्षण कर उनकी कार्यप्रणाली को करीब से समझा।
दौरे के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण (Door-to-Door Collection), स्रोत स्तर पर कचरे का पृथक्करण (Source Segregation), गार्बेज ट्रांसफर स्टेशन, इंटीग्रेटेड सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट सिस्टम, रिड्यूस-रीयूज़-रीसायकल (3R) स्टेशन, भारत के सबसे बड़े बायो-सीएनजी प्लांट (Enver Enviro) तथा NEPRA Resource Management Pvt. Ltd. की कार्यप्रणाली का गहन अवलोकन किया। अधिकारियों ने वैज्ञानिक कचरा निस्तारण, संसाधनों के पुनर्चक्रण और आधुनिक स्वच्छता प्रबंधन की तकनीकों की विस्तार से जानकारी प्राप्त की।
राज्य मंत्री उमेश राय ने कहा कि इंदौर ने जनभागीदारी, आधुनिक तकनीक और प्रभावी प्रशासनिक व्यवस्था के बल पर स्वच्छता के क्षेत्र में पूरे देश के लिए एक आदर्श मॉडल स्थापित किया है। इस अध्ययन दौरे से प्राप्त अनुभवों और तकनीकी जानकारियों का उपयोग हावड़ा की स्थानीय परिस्थितियों और आवश्यकताओं के अनुरूप किया जाएगा।
उन्होंने विश्वास जताया कि इन सफल मॉडलों को अपनाने से हावड़ा में स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सकेगा। साथ ही ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण और नागरिक सुविधाओं में भी उल्लेखनीय सुधार होगा।
राज्य मंत्री ने कहा कि स्वच्छ, सुंदर और विकसित हावड़ा का निर्माण राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इसी उद्देश्य से देश के सफल और आधुनिक स्वच्छता मॉडलों का अध्ययन कर उन्हें हावड़ा में लागू करने की दिशा में गंभीर प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि शहर को स्वच्छ, पर्यावरण-अनुकूल और नागरिकों के लिए अधिक सुविधाजनक बनाया जा सके।
Baat Hindustan Ki Online News Portal