हावड़ा – पश्चिम बंगाल, बात हिन्दुस्तान की।
नेपाल में आई भीषण प्राकृतिक त्रासदी के बीच हावड़ा के सांकराइल थाना अंतर्गत हतगाछी इलाके की रहने वाली 68 वर्षीय अनीता दास के लापता होने की खबर से उनके परिवार में चिंता और बेचैनी का माहौल है। परिजन लगातार उनसे संपर्क करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन अब तक उनका कोई पता नहीं चल पाया है।
परिवार के सदस्यों ने बताया कि अनीता दास गत 21 अगस्त को कोलकाता की एक टूरिस्ट एजेंसी के माध्यम से कैलाश मानसरोवर यात्रा के लिए रवाना हुई थीं। कैलाश मानसरोवर यात्रा करने की उनकी लंबे समय से प्रबल इच्छा थी, जिसके चलते वह अकेले ही इस यात्रा पर निकली थीं।
अनीता दास के घर वालो ने बताया कि बीते कल सुबह करीब 8 बजे उनकी मां से अंतिम बार बातचीत हुई थी। उस दौरान उन्होंने बताया था कि वे लोग नेपाल-तिब्बत सीमा के नजदीक हैं और कुछ समय बाद आगे की यात्रा के लिए रवाना होंगे।
लेकिन नेपाल में भीषण जल प्रलय और प्राकृतिक आपदा की खबर सामने आने के बाद परिवार वालों की चिंता बढ़ गई। परिजनों ने जब अनीता दास से संपर्क करने की कोशिश की तो उनका फोन नहीं मिला। इसके बाद परिवार ने संबंधित टूरिस्ट एजेंसी से संपर्क किया। एजेंसी की ओर से बताया गया कि वे भी लगातार संपर्क और जानकारी जुटाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन अभी तक अनीता दास के संबंध में कोई ठोस जानकारी नहीं मिल पाई है।
इधर, गुरुवार सुबह सांकराइल थाना के पुलिस अधिकारी अनीता दास के घर पहुंचे और परिवार के सदस्यों से बातचीत की। पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को बताया कि अनीता दास की तलाश की जा रही है और जैसे ही कोई जानकारी मिलेगी, परिवार को सूचित किया जाएगा। साथ ही पुलिस ने परिवार वालों से भी अपील की कि यदि उन्हें किसी माध्यम से अनीता दास के संबंध में कोई जानकारी मिलती है तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।
फिलहाल अनीता दास के परिवार के सदस्य बेहद चिंतित हैं और उनके सकुशल वापस लौटने की उम्मीद में लगातार प्रशासन तथा टूर एजेंसी के संपर्क में बने हुए हैं।
Baat Hindustan Ki Online News Portal