Breaking News

तारकेश्वर के होटल-रेस्टोरेंट में खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, साफ-सफाई और खाद्य गुणवत्ता की हुई जांच

–पुष्पा शाव – तारकेश्वर – हुगली – पश्चिम बंगाल, बात हिन्दुस्तान की।

सावन के महीने के बाद भी तारकेश्वर धाम में बाबा भोलेनाथ के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। इसी बीच श्रद्धालुओं को परोसे जाने वाले भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने तारकेश्वर के कई होटल और रेस्टोरेंट में जांच अभियान चलाया।

जानकारी के अनुसार, तारकेश्वर बस स्टैंड इलाके के कई होटल और रेस्टोरेंट में अस्वास्थ्यकर वातावरण में भोजन तैयार किए जाने तथा खाद्य पदार्थों में मिलावटी मसालों के इस्तेमाल की शिकायतें सामने आई थीं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने अचानक कई प्रतिष्ठानों में पहुंचकर जांच की।

●जांच के दौरान मिली कई खामियां

जांच के दौरान कुछ रसोईघरों में साफ-सफाई की व्यवस्था को लेकर खामियां सामने आने की बात कही गई। कुछ स्थानों पर खुले में कटी हुई सब्जियां और अन्य खाद्य सामग्री रखे जाने की भी जानकारी मिली। टीम ने इस्तेमाल किए जा रहे मसालों, तेल और तैयार भोजन की भी जांच की।

खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्र किए, जिन्हें प्रयोगशाला जांच के लिए भेजा गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद यदि खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन पाया जाता है, तो संबंधित होटल और रेस्टोरेंट संचालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है।

इसके अलावा खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने इलाके की कई बिरयानी दुकानों में भी जांच की। वहां साफ-सफाई से संबंधित कमियां पाए जाने पर दुकानदारों को आवश्यक सुधार करने और खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए गए।

●कार्रवाई से कारोबारियों में हड़कंप

खाद्य सुरक्षा विभाग की अचानक हुई इस कार्रवाई के बाद तारकेश्वर के होटल और रेस्टोरेंट कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है। वहीं, स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं ने विभाग की कार्रवाई का स्वागत किया है।

लोगों का कहना है कि तारकेश्वर एक प्रमुख धार्मिक स्थल है, जहां सावन के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं को स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराना बेहद जरूरी है। लोगों ने मांग की है कि तीर्थनगरी के होटल, रेस्टोरेंट और भोजनालयों में खाद्य गुणवत्ता एवं स्वच्छता को लेकर नियमित रूप से जांच अभियान चलाया जाए।

About editor

Check Also

हनुमत कथा के अंतिम दिन पत्रकारों से कथित दुर्व्यवहार, कवरेज को लेकर उठे सवाल

हावड़ा – पश्चिम बंगाल, बात हिन्दुस्तान की। पश्चिम बंगाल के हावड़ा जिले के लिलुआ रेलवे …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *