हावड़ा – पश्चिम बंगाल, बात हिन्दुस्तान की।
हावड़ा के विभिन्न इलाकों में खाद्य सुरक्षा विभाग ने आज अभियान चलाकर खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। नियमों का पालन नहीं करने पर डोमजुर इलाके में एक बेकरी और एक नामी रेस्टोरेंट के खिलाफ कार्रवाई की गई।
सबसे पहले खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने डोमजुर के कटलिया इलाके में स्थित एक बेकरी में छापेमारी की। डिप्टी सीएमओएच (2) डॉ. प्रशांत चौधरी के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया। डोमजुर थाने की पुलिस भी टीम के साथ मौजूद थी।
जांच के दौरान बेकरी में कई तरह की अनियमितताएं सामने आईं। अधिकारियों के अनुसार, बेकरी के पास फूड सेफ्टी लाइसेंस और फायर सेफ्टी लाइसेंस नहीं था। इसके अलावा वहां साफ-सफाई और स्वास्थ्य संबंधी नियमों का भी पालन नहीं किया जा रहा था। परिसर में भारी अव्यवस्था पाए जाने के बाद बेकरी को बंद करने का निर्देश दिया गया।
इसके बाद राष्ट्रीय राजमार्ग के पास स्थित एक नामी रेस्टोरेंट में भी खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने जांच की। वहां से सड़ा हुआ मछली और मांस बरामद होने के साथ ही साफ-सफाई और हाइजीन के नियमों का पालन नहीं किए जाने की बात सामने आई।
डिप्टी सीएमओएच डॉ. प्रशांत चौधरी ने बताया कि इतने नामी रेस्टोरेंट में भी गंभीर अनियमितताएं पाई गई हैं। फिलहाल रेस्टोरेंट का फूड लाइसेंस निलंबित कर यूनिट को बंद रखने का निर्देश दिया गया है। प्रतिष्ठान को नियमों का पालन करने के लिए एक समयसीमा भी दी गई है।
अधिकारी ने स्पष्ट किया कि खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे।
Baat Hindustan Ki Online News Portal