पुरुलिया – पश्चिम बंगाल, बात हिन्दुस्तान की।
पुरुलिया जिले के बलरामपुर थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात नाका चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक युवक को बाइक पर युवती का शव ले जाते हुए पकड़ा। शव प्लास्टिक की बोरी में रखा हुआ था। घटना सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, बाघमुंडी थाना क्षेत्र के बुड़दा और हुरुमदा इलाके के रहने वाले अमृत कुमार महतो और प्रीतिका महतो के बीच प्रेम संबंध था। शनिवार देर रात बलरामपुर थाना पुलिस ओल्ड टाटा रोड पर नाका चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने अमृत कुमार महतो को बाइक से आते देखा। बाइक पर एक प्लास्टिक की बोरी लटकी हुई थी।
संदेह होने पर पुलिस ने बाइक रोककर बोरी की तलाशी ली। बोरी खोलते ही पुलिस के होश उड़ गए। उसके अंदर एक युवती का शव बरामद हुआ। पूछताछ में बाइक सवार ने युवती की पहचान अपनी प्रेमिका प्रीतिका महतो के रूप में की।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही युवती की मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होने की उम्मीद है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि युवती की मौत किन परिस्थितियों में हुई और शव को बाइक से ले जाने के पीछे क्या वजह थी।
मृतका के पिता फलहारी महतो ने बताया कि उन्हें बेटी के प्रेम संबंध के बारे में जानकारी नहीं थी। उनकी बेटी पढ़ाई के लिए मेस में रहती थी। अचानक उसका फोन बंद मिलने के बाद परिवार चिंतित हुआ और उसकी तलाश शुरू की गई। परिवार ने पुलिस को भी इसकी सूचना दी। बाद में बलरामपुर थाना पुलिस के माध्यम से उन्हें बेटी की मौत की जानकारी मिली।
मृतका के पिता ने आशंका जताई है कि घटना में अन्य लोग भी शामिल हो सकते हैं। पुलिस अब युवक से पूछताछ के साथ-साथ मामले से जुड़े अन्य संभावित पहलुओं की जांच कर रही है। पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की पूरी तस्वीर साफ हो सकेगी।
Baat Hindustan Ki Online News Portal