Breaking News

पत्रकारिता लोकतंत्र की सशक्त आवाज, पत्रकारों के योगदान से सच्चाई समाज के सामने आती है : केशव प्रसाद मौर्य

–अमित राय, बोधगया – बिहार, बात हिन्दुस्तान की।

●उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने आई•एफ•डब्ल्यू•जे• के 132वें राष्ट्रीय परिषद सत्र को वर्चुअल माध्यम से किया संबोधित

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य रविवार को बिहार के बोधगया में आयोजित इंडियन फेडरेशन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट्स (आई•एफ•डब्ल्यू•जे•) के 132वें राष्ट्रीय परिषद सत्र से वर्चुअल माध्यम से सम्मिलित हुए। साथ ही उन्होंने पत्रकारिता से जुड़े भारतवर्ष के विभिन्न राज्यों के पत्रकारों को संबोधित किया। इस अवसर पर उन्होंने पत्रकारिता के महत्व, लोकतंत्र में पत्रकारों की भूमिका, निष्पक्ष एवं निर्भीक पत्रकारिता की आवश्यकता तथा राष्ट्र और समाज के प्रति पत्रकारों के दायित्वों पर अपने विचार व्यक्त किए।

उपमुख्यमंत्री ने आई•एफ•डब्ल्यू•जे• के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं वरिष्ठ पत्रकार डॉ. के. विक्रम राव जी को स्मरण करते हुए कहा कि डॉ. राव पत्रकारों की बुलंद आवाज थे। भारतीय पुलिस सेवा में चयनित होने के बावजूद उन्होंने अफसर की कुर्सी के बजाय पत्रकार की कलम को चुना। उनका यह निर्णय पत्रकारिता के प्रति उनकी प्रतिबद्धता, साहस और जनसरोकारों के प्रति समर्पण का प्रतीक है। डॉ. के. विक्रम राव जी की पावन स्मृतियों को सादर नमन करते हुए कहा कि उनका जीवन और कृतित्व पत्रकारिता जगत के लिए प्रेरणास्रोत है।

श्री मौर्य ने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का महत्वपूर्ण आधार स्तंभ है। पत्रकारों की वजह से सच्चाई आज भी जीवित है। निष्पक्ष, निर्भीक और जिम्मेदार पत्रकारिता समाज को वास्तविक परिस्थितियों से परिचित कराती है तथा जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से सामने लाती है। पत्रकारों की लेखनी ने जनसामान्य के बीच अनेक महत्वपूर्ण विषयों को पहुंचाने और लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

उन्होंने कहा कि पत्रकारिता के माध्यम से जनता के सामने विभिन्न राजनीतिक दलों और सरकारों के कार्यों का वास्तविक चित्र प्रस्तुत होता है। विपक्ष के कुकर्म और जनविरोधी गतिविधियां भी पत्रकारों की सक्रियता के कारण जनता के सामने आती हैं। जनता तथ्यों के आधार पर अपना दृष्टिकोण बनाती है। उन्होंने कहा कि भाजपा और केंद्र एवं प्रदेश की डबल इंजन सरकार जनता के विश्वास पर खरा उतरने के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। सरकार जनकल्याण, सुशासन और विकास के माध्यम से देश के प्रत्येक राज्य में जनता का विश्वास अर्जित करने की दिशा में निरंतर प्रयासरत है।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश की डबल इंजन सरकार महिला सशक्तिकरण, युवाओं के उज्ज्वल भविष्य और किसानों के कल्याण के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने, उन्हें विकास की मुख्यधारा से जोड़ने तथा समाज में उनकी भागीदारी बढ़ाने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। युवाओं को आधुनिक तकनीक, नवाचार, कौशल विकास और रोजगार के नए अवसरों से जोड़कर विकसित भारत एवं विकसित उत्तर प्रदेश के संकल्प को साकार करने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि किसानों की आय, सम्मान और आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। किसानों की उपज का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर क्रय सुनिश्चित करने के साथ कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाने तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति देने के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं।

श्री मौर्य ने पत्रकारिता के क्षेत्र में कार्यरत पत्रकारों सहित पत्रकारिता के छात्र-छात्राओं से भी आह्वान किया कि वे डॉ. के. विक्रम राव जैसे वरिष्ठ पत्रकारों के जीवन से प्रेरणा लेते हुए सत्य, निष्पक्षता, तथ्यपरकता और जनहित को अपनी पत्रकारिता का आधार बनाएं। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता केवल समाचार प्रस्तुत करने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने, लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करने और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का महत्वपूर्ण दायित्व भी है।

उपमुख्यमंत्री ने आई•एफ•डब्ल्यू•जे• के 132वें राष्ट्रीय परिषद सत्र के आयोजन के लिए आयोजकों को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि इस प्रकार के आयोजन पत्रकारिता जगत में वैचारिक विमर्श, अनुभवों के आदान-प्रदान और युवा पत्रकारों के मार्गदर्शन का महत्वपूर्ण माध्यम बनेंगे।

About editor

Check Also

हावड़ा में 29वें रोजगार मेले का आयोजन, शांतनु ठाकुर ने युवाओं को सौंपे नियुक्ति पत्र

हावड़ा – पश्चिम बंगाल, बात हिन्दुस्तान की। ●यह कहना कतई उचित नहीं है कि भाजपा …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *