हावड़ा – पश्चिम बंगाल, बात हिन्दुस्तान की।
हावड़ा स्टेशन पर लगातार दूसरे दिन बड़ी मात्रा में नकदी बरामद होने का मामला सामने आया है। सोमवार को स्टेशन के 12 नंबर प्लेटफार्म से संदेह के आधार पर एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया। उसके बैग की तलाशी के दौरान 23 लाख 50 हजार रुपये नकद बरामद हुए।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, हिरासत में लिए गए व्यक्ति की पहचान नितेश कुमार गुप्ता (42) के रूप में हुई है। वह धनबाद का रहने वाला बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, नितेश कुमार गुप्ता 12937 गांधीधाम एक्सप्रेस से हावड़ा पहुंचा था। ट्रेन के 12 नंबर प्लेटफार्म पर पहुंचने के बाद अधिकारियों ने संदेह के आधार पर उसे रोका और पूछताछ की।
पूछताछ के दौरान उसके पास मौजूद बैग की जांच की गई, जिसमें 23,50,000 रुपये नकद मिले। इतनी बड़ी रकम के संबंध में पूछे जाने पर वह कथित तौर पर अधिकारियों को संतोषजनक जानकारी नहीं दे सका। वहीं, बरामद रकम से संबंधित वैध दस्तावेज भी प्रस्तुत नहीं किए जा सके।
सूत्रों के अनुसार, मामले की जानकारी आयकर विभाग के अधिकारियों को दे दी गई है। अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इतनी बड़ी रकम कहां से लाई गई थी और इसे कहां ले जाया जा रहा था।
गौरतलब है कि एक दिन पहले भी हावड़ा स्टेशन से करीब 67 लाख रुपये नकद बरामद किए गए थे और एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया था। लगातार दो दिनों में स्टेशन से बड़ी मात्रा में नकदी बरामद होने के बाद सुरक्षा और जांच एजेंसियां मामले की जांच कर रही हैं।
Baat Hindustan Ki Online News Portal