हावड़ा – पश्चिम बंगाल, बात हिन्दुस्तान की।
हावड़ा जिला भाजपा के मंडल-3 में महिला भाजपा कार्यकर्ता की ओर से लगाए गए बैनर-पोस्टर को रात के अंधेरे में फाड़ने का आरोप लगा है। इस घटना को लेकर मंडल-3 की महिला कार्यकर्ता सुजाता पांडे ने हावड़ा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
सुजाता पांडे का आरोप है कि रात के अंधेरे का फायदा उठाकर असामाजिक तत्वों ने इस घटना को अंजाम दिया। उन्होंने पुलिस प्रशासन से इलाके के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर आरोपियों की पहचान करने और उनके खिलाफ उचित कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने भाजपा के कुछ नेताओं को भी इस घटना की मौखिक जानकारी दी है।
जब सुजाता पांडे से पूछा गया कि क्या उन्हें किसी पर संदेह है, तो उन्होंने कहा कि उन्होंने किसी को बैनर-पोस्टर फाड़ते हुए नहीं देखा है। ऐसे में बिना किसी ठोस आधार के किसी पर संदेह करना उचित नहीं होगा।
वहीं, हावड़ा नगर निगम चुनाव की संभावित सरगर्मी के बीच इस घटना को लेकर राजनीतिक हलकों में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। निगम चुनाव को लेकर विभिन्न वार्डों में कई दावेदार अपनी उम्मीदवारी पेश करने में जुटे हैं। ऐसे में इस घटना को भाजपा के अंदरूनी मतभेद से जोड़कर भी देखा जा रहा है। हालांकि, घटना के पीछे किसका हाथ है, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
Baat Hindustan Ki Online News Portal