हावड़ा – पश्चिम बंगाल, बात हिन्दुस्तान की।
दुर्गा पूजा के अवसर पर इस बार मध्य हावड़ा स्थित सहयात्री क्लब ने अपने 76वें वर्ष में केदारनाथ धाम की थीम पर भव्य पूजा मंडप तैयार किया है। केदारनाथ मंदिर की तर्ज पर बनाए गए इस मंडप को देखने के लिए श्रद्धालुओं और दर्शकों की भीड़ उमड़ रही है। मंडप के माध्यम से उन लोगों को भी बाबा केदारनाथ के दर्शन का अनुभव कराने की कोशिश की गई है, जो आर्थिक तंगी या अन्य कारणों से उत्तराखंड स्थित केदारनाथ धाम की यात्रा नहीं कर पाते हैं।
क्लब के पूजा आयोजन से जुड़े शिव शंकर साधुखां ने बताया कि इस थीम के पीछे आम लोगों की धार्मिक भावना और आस्था जुड़ी हुई है। उन्होंने कहा कि बहुत से लोग चाहकर भी केदारनाथ धाम की यात्रा नहीं कर पाते। ऐसे श्रद्धालु सहयात्री क्लब के पूजा मंडप में आकर बाबा केदारनाथ के दर्शन का अनुभव कर सकते हैं।
मंडप के निर्माण में प्राकृतिक सामग्रियों का इस्तेमाल किया गया है। साथ ही, आयोजकों के अनुसार इसे अग्निरोधी सुरक्षा को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। करीब 26 लाख रुपये के बजट से इस मंडप को दो महीने की मेहनत के बाद तैयार किया गया है।
निर्माण पूरा होने के बाद से ही मंडप को देखने के लिए लोगों की आवाजाही बढ़ गई है। उद्घाटन समारोह के मद्देनजर कुछ समय के लिए मंडप को बंद रखा गया था। उद्घाटन के बाद इसे आम लोगों के दर्शन के लिए खोल दिया जाएगा।
केदारनाथ धाम की थीम पर आधारित यह मंडप इस बार मध्य हावड़ा में दुर्गा पूजा के प्रमुख आकर्षणों में शामिल हो गया है।
Baat Hindustan Ki Online News Portal