Breaking News

उलूबेड़िया में 101 किशोरियों के हाथों दुर्गोत्सव का शुभारंभ, बाल विवाह और मानव तस्करी के खिलाफ जागरूकता का संदेश

उलूबेड़िया – पश्चिम बंगाल, बात हिन्दुस्तान की।

महाषष्ठी के अवसर पर मां दुर्गा के बोधन के साथ राज्यभर में दुर्गोत्सव की शुरुआत हो चुकी है। विभिन्न पूजा मंडपों में ढाक की थाप के बीच उद्घाटन कार्यक्रम लगभग पूरे हो चुके हैं। इसी उत्सवी माहौल में सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश देने के लिए उलूबेड़िया के बोआलिया दुर्गापूजा कमेटी ने एक विशेष पहल की। यहां 101 किशोरियों के हाथों दुर्गोत्सव का शुभारंभ किया गया।

इसके साथ ही पूजा कमेटी की पहल पर बालिकाओं की सुरक्षा, बाल विवाह की रोकथाम तथा महिला एवं बाल तस्करी के खिलाफ सामाजिक जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से एक विशेष सेमिनार का आयोजन किया गया। फ्यूचर फॉर नेचर फाउंडेशन की ओर से आयोजित इस सेमिनार का विषय था, ‘बाल विवाह मुक्त समाज के निर्माण में सामाजिक जिम्मेदारी और कानूनी जागरूकता’।

कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारी, समाजसेवी, शिक्षक, विद्यार्थी और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

संगठन के सचिव एवं समाजसेवी शुभ्रदीप घोष ने कहा कि किशोरावस्था में भावनाओं में बहकर घर छोड़ने, शादी के उद्देश्य से भाग जाने और विभिन्न प्रलोभनों के जाल में फंसने जैसी घटनाएं कई बार किशोरियों को संकट में डाल देती हैं। इसके परिणामस्वरूप कुछ मामलों में वे मानव तस्करी और अन्य प्रकार के शोषण का शिकार हो जाती हैं। ऐसी परिस्थितियों से निपटने के लिए परिवार, विद्यालय, समाज और प्रशासन के बीच समन्वित प्रयास बेहद जरूरी हैं।

उन्होंने बताया कि चालू वर्ष में संगठन को बाल विवाह, महिला एवं बाल तस्करी तथा नाबालिगों की सुरक्षा से संबंधित 167 मामलों की जानकारी मिली है। इन मामलों में पुलिस, चाइल्डलाइन और प्रशासन के सहयोग से आवश्यक कदम उठाने, संकटग्रस्त किशोरियों को सुरक्षा प्रदान करने तथा उन्हें दोबारा स्कूल की शिक्षा से जोड़ने के कार्य में संगठन सक्रिय रूप से जुटा है।

बोआलिया दुर्गापूजा कमेटी के अध्यक्ष पयधर चाउलिया ने कहा कि दुर्गोत्सव की शुरुआत में इस तरह के महत्वपूर्ण सामाजिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन कर उन्हें गर्व महसूस हो रहा है। उन्होंने कहा कि दुर्गापूजा के आनंद के साथ समाज के प्रति जिम्मेदारी का संदेश लोगों तक पहुंचाना भी इस पहल का प्रमुख उद्देश्य है।

About editor

Check Also

हावड़ा में भाजपा महिला कार्यकर्ता के बैनर-पोस्टर फाड़ने का आरोप, थाने में शिकायत

हावड़ा – पश्चिम बंगाल, बात हिन्दुस्तान की। हावड़ा जिला भाजपा के मंडल-3 में महिला भाजपा …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *