नई दिल्ली, बात हिन्दुस्तान की।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को अपने रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ में कहा कि नशे की लत युवाओं की आकांक्षाओं के लिए एक बड़ी चुनौती बन गई है, लेकिन कई लोग अपने दृढ़ संकल्प और इच्छाशक्ति के दम पर इससे उबरकर दूसरों के लिए प्रेरणा बन रहे हैं। पीएम मोदी ने कहा कि उन्हें इस बात से संतोष है कि देश में नशे के खिलाफ लड़ाई में समाज की सक्रिय भागीदारी बढ़ रही है। उन्होंने कहा, ‘नशे की लत युवाओं के सपनों के लिए एक बड़ी चुनौती बन गई है। कई युवा अपने दृढ़ संकल्प और इच्छाशक्ति के दम पर नशे की लत से बाहर निकलकर दूसरों के लिए प्रेरणा बन रहे हैं।’ प्रसारण के दौरान, प्रधानमंत्री ने नशे की लत से छुटकारा पा चुके एक युवक से भी बात की जिसने अपने सफर तथा संघर्षों के बारे में बताया। उसके बारे में बताते हुए पीएम मोदी भावुक हो गए। प्रधानमंत्री ने कहा कि ‘नशा मुक्त युवा अभियान’ भी पूरे जोर-शोर से जारी है। संचार साथी ऐप की बात
अलग-अलग कारणों से लोगों के मोबाइल फोन खो जाने की समस्या का जिक्र करते हुए, मोदी ने कहा कि ‘संचार साथी’ ऐप उपयोगकर्ताओं को खोए या चोरी हुए फोन का पता लगाने, संदिग्ध धोखाधड़ी वाली कॉल की रिपोर्ट करने और डिजिटल स्पेस को अधिक सुरक्षित बनाने में मदद करता है। प्रधानमंत्री ने ‘आईगॉट कर्मयोगी’ प्लेटफॉर्म के बारे में भी बात की, जो सरकारी कर्मचारियों के लिए 17 भारतीय भाषाओं में 7,000 से अधिक पाठ्यक्रम उपलब्ध कराता है। उन्होंने कहा, “लाखों सरकारी कर्मचारियों ने कई पाठ्यक्रम पूरे किए हैं। कुछ लोग कृत्रिम बुद्धिमत्ता की पढ़ाई कर रहे हैं, जबकि अन्य भारतीय सांकेतिक भाषा सीख रहे हैं।’ संग्रहालय देखने की सलाह
मोदी ने कहा कि भारत के संग्रहालय वैश्विक स्तर पर सुर्खियां बटोर रहे हैं और पटना स्थित बिहार संग्रहालय को दुनिया के 100 सर्वश्रेष्ठ संग्रहालयों की सूची में नौवां स्थान मिला है। उन्होंने कहा, “इस सूची में बिहार संग्रहालय एशिया में पहले स्थान पर है।” पीएम मोदी ने गुजरात के वडनगर स्थित ‘अनंत अनादि वडनगर पुरातात्विक अनुभवात्मक संग्रहालय’ का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि वडनगर में पुरातत्व विभाग की खुदाई के दौरान, अलग-अलग ऐतिहासिक काल की कई वस्तुएं मिलीं, और खुदाई वाली जगहों पर एक संग्रहालय बनाया गया है।
कला की दुनिया में देश की एक और उपलब्धि के बारे में बताते हुए उन्होंने इटली के ‘वेनिस आर्ट बायएनाले’ में भारत के पवेलियन को सर्वश्रेष्ठ चुने जाने का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि भारतीय कलाकारों ने दिखाया है कि देश की पारंपरिक कलाओं को नये रूप में प्रस्तुत किए जाएं वे पूरी दुनिया का मन मोह लेती हैं। पीएम मोदी ने बताया कि अपने देश में भी कला, वास्तुकला और डिजाइन का एक बहुत बड़ा उत्सव होने जा रहा है। दिसंबर महीने के पहले सप्ताह में दिल्ली में ‘बायएनाले’ की शुरुआत होगी। इस बार 108 दिन तक देश की ऐतिहासिक स्मारकें, म्यूजियम्स और आर्ट गैलरीज इस उत्सव का हिस्सा बनेंगी। उन्होंने लोगों से परिवार से साथ इस आयोजन शामिल होने की अपील की।
Baat Hindustan Ki Online News Portal