कोलकाता, संवाददाता : सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने सीमावर्ती उत्तर 24 परगना व नदिया जिले में दो अलग-अलग स्थानों से अवैध तरीके से अंतरराष्ट्रीय सीमा पार करते चार बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया। हालांकि बीएसएफ ने बाद में चारों को मानवीय आधार पर सकुशल बार्डर गार्ड बांग्लादेश (बीजीबी) को सौंप दिया। बीएसएफ के दक्षिण बंगाल फ्रंटियर के प्रवक्ता ने मंगलवार को एक बयान में यह जानकारी दी। इसमें बताया गया कि पहली घटना में 12- 13 सितंबर की मध्यरात्रि में बल की 68वीं वाहिनी की सीमा चौकी मधुपुर और मागुरकोना के जवानों ने पुख्ता सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दो बांग्लादेशी नागरिकों को अंतरराष्ट्रीय सीमा पार करने के दौरान हिरासत में लिया। जिनकी पहचान अराफात हुसैन (20) व मसूद अहमद (22) के रूप में हुई। पूछताछ में अराफात ने बीएसएफ अधिकारियों को बताया एक महीने पहले वह काम के सिलसिले में भारत आया था लेकिन उसकी मां की तबीयत ठीक ना होने के कारण वह वापस बांग्लादेश जा रहा था। उसने बताया की एक महीने तक वह बंगाल के मेदिनीपुर में मोनी मौसी के किन्नर गु्रप में रहा था। वहीं मसूद अहमद ने बताया कि वह भारत के ऐतिहासिक स्थानों के भ्रमण के लिए भारत आ रहा था। अन्य घटना में मंगलवार तड़के पुख्ता खबर के आधार पर नदिया जिले में तैनात आठवीं वाहिनी की सीमा चौकी कुमारी के जवानों ने एक महिला को उसकी तीन वर्षीय पुत्री के साथ भारतीय सीमा में घुसते वक्त पकड़ा। महिला ने अपना नाम पुष्पिता मजूमदार (23) बताया। महिला ने पूछताछ के दौरान बताया कि वह और उसका पति गैर कानूनी रूप से कोलकाता के पास मध्यमग्राम में रहते हैं। हाल में वह अपने माता- पिता से मिलने बांग्लादेश गई थी और अब वापस भारत आ रही थी। इधर, मामले की पड़ताल के बाद बीएसएफ ने गिरफ्तार किए गए बांग्लादेशी नागरिकों को सद्भावना और मानवीयता के रूप में बीजीबी को सौंप दिया। दक्षिण बंगाल फ्रंटियर के जनसंपर्क अधिकारी व डीआइजी अमरीश कुमार आर्य ने बताया कि सीमा सुरक्षा बल भारत-बांग्लादेश सीमा पर घुसपैठ को रोकने के लिए कड़े कदम उठा रही है, जिसके चलते लोग पकड़े जा रहे है। पकड़े गए लोगों के अपराध की गंभीरता को देखते हुए और दोनों देशों के बार्डर गार्डिंग फोर्स के बीच आपसी सहयोग और सद्भवाना के चलते उनमें से कुछ को एक दूसरे को सौंप दिया जाता है।
Check Also
जनशक्ति जनता दल के पश्चिम बंगाल राज्य का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त कुमोद नारायण चौधरी
PATNA BIHAR BHK BURO समाजवादी राष्ट्रीय स्तर का आंदोलनकारी कुमोद नारायण चौधरी को जनशक्ति जनता …
Baat Hindustan Ki Online News Portal