कोलकाता : पश्चिम बंगाल के झाडग़्राम जिले के रहने वाले एक युवक ने वादा निभाने के लिए पत्नी के जन्मदिन पर चांद पर जमीन खरीद कर गिफ्ट किया है।
महज 10 हजार रुपये में चांद पर एक एकड़ जमीन खरीदने का दावा करने वाले संजय महतो ने कहा कि उन्होंने अपनी पत्नी से शादी करने से पहले चांद लाने का वादा किया था।
महतो के अनुसार, चांद पर जमीन खरीदने की प्रेरणा उन्हें चंद्रयान- 3 मिशन की सफलता के बाद मिली। पिछले दिनों चंद्रमा पर चंद्रयान- 3 की लैंडिंग के बाद उन्हें विश्वास हो गया कि अपनी पत्नी पत्नी से किया गया वादा पूरा करने का उनका सपना साकार हो सकता है।
महतो ने बताया- मैं और मेरी पत्नी के बीच काफी समय से प्रेम प्रसंग चल रहे थे, जिसके बाद दोनों ने शादी का फैसला लिया।
फिर पिछले अप्रैल में दोनों शादी के बंधन में बंध गए। मैंने उससे चांद लाने का वादा किया था। मैं उस वादे पर खड़ा नहीं उतर पा रहा था। लेकिन, अब हमारी शादी के बाद उसके पहले जन्मदिन पर मैंने सोचा कि क्यों न उसे चंद्रमा पर एक प्लाट उपहार में दिया जाए।
महतो ने आगे बताया कि अपने दोस्त की मदद से उन्होंने लूना सोसाइटी इंटरनेशनल के जरिए चांद पर जमीन खरीदी। दरअसल चांद पर जमीन खरीदने के लिए एक लंबी प्रक्रिया से गुजरना पड़ता है। इस पूरी प्रक्रिया को पूरी करने में लगभग एक साल लग गया। बता दें कि इससे पहले भी कई लोगों ने चांद पर जमीन खरीदी है।