Breaking News

विजय दिवस : कोलकाता में दिखा भारतीय सेना का पराक्रम

एस के झा, कोलकाता : 1971 के युद्ध में पाकिस्तान पर मिली ऐतिहासिक जीत के उपलक्ष्य में सेना के पूर्वी कमान मुख्यालय, कोलकाता द्वारा वार्षिक विजय दिवस समारोह इस साल भी यहां बहुत धूमधाम के साथ मनाया गया।

 

समारोह के पहले दिन 52वें विजय दिवस की पूर्व संध्या पर शुक्रवार को यहां रायल कलकत्ता टर्फ क्लब (आरसीटीसी) ग्राउंड में भव्य मिलिट्री टैटू आयोजित किया गया, जिसमें सेना के जांबाजों ने हैरतअंगेज प्रदर्शन कर सबको मंत्रमुग्ध कर दिया।

 

इस दौरान हेलीकाप्टर शो से लेकर घोड़ा दौड़, डाग शो, मार्च पास्ट, मोटरसाइकिल करतब आदि का प्रदर्शन कर 1971 के पराक्रमी योद्धाओं को श्रद्धांजलि दी गई।सेना ने अपनी शौर्य व पराक्रम का परिचय दिया।

 

 

फ्लाई पास्ट में शामिल सेना व वायुसेना के लड़ाकू विमानों व हेलीकाप्टरों ने आसमान का सीना चीरते हुए हैरतअंगेज कारनामे कर वहां जुटे हजारों लोगों की भीड़ को दांतों तले अंगुली दबाने पर विवश कर दिया।

 

घोड़ा दौड़ व सेना की डेयरडेविल्स टीम द्वारा खतरनाक तरीके से मोटरसाइकिलों पर सवार होकर हैरतअंगेज करतब भी खासा आकर्षण का केंद्र रहा।

 

 

लड़ाकू विमानों और हेलीकाप्टरों के साथ-साथ 12,000 फीट से नीचे उतरने वाले स्काई डाइवर्स की लुभावनी सटीकता के साथ फ्लाई पास्ट को देखकर भी दर्शक आश्चर्यचकित रह गए। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्वी कमान के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल आरपी कलिता मौजूद रहे।

 

इस दौरान वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों व अन्य गणमान्य लोगों सहित पूर्वी कमान के आमंत्रण पर विजय दिवस समारोह में भाग लेने आए बांग्लादेशी मुक्ति योद्धाओं, उनके परिवार के सदस्यों सहित 72 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल भी कार्यक्रम के गवाह बने।

इस दौरान हथियारों की प्रदर्शनी भी लगाई गई थी। शनिवार को विजय दिवस पर सुबह फोर्ट विलियम स्थित विजय स्मारक पर पूर्वी कमान के प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल आरपी कलिता सहित अन्य वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों ने पुष्प चक्र अर्पित कर 1971 के बलिदानियों को श्रद्धांजलि दी।

 

 

इसके बाद शाम को सेना द्वारा कोलकाता के विक्टोरिया मेमोरियल में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसी के साथ दो दिवसीय विजय दिवस समारोह का समापन हो गया।

 

About editor

Check Also

जनशक्ति जनता दल के पश्चिम बंगाल राज्य का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त कुमोद नारायण चौधरी

PATNA BIHAR BHK BURO समाजवादी राष्ट्रीय स्तर का आंदोलनकारी  कुमोद नारायण चौधरी को जनशक्ति जनता …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *