हावड़ा – पश्चिम बंगाल
हावड़ा के जगाछा और जगदीशपुर स्वास्थ्य केंद्रों में अब विभिन्न प्रकार की चिकित्सीय जांच (टेस्ट) की सुविधा शुरू करने की योजना बनाई गई है, ताकि इन दोनों स्वास्थ्य केंद्रों को पॉलीक्लिनिक के स्तर तक विकसित किया जा सके।
सोमवार को हावड़ा के शिवपुर स्थित एक स्वास्थ्य केंद्र में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होकर यह जानकारी शिवपुर के विधायक रुद्रनील घोष ने दी। दरअसल, दासनगर में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती के अवसर पर एक स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया था। इस दौरान पत्रकारों से बातचीत करते हुए विधायक रुद्रनील घोष ने कहा कि पिछली सरकार के शासनकाल में राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था काफी बदहाल थी। नई सरकार स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
उन्होंने बताया कि कोना स्वास्थ्य केंद्र सहित कई अन्य स्वास्थ्य केंद्रों को बेहतर और सक्रिय बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि इन बदलावों में समय लगेगा और सभी काम रातों-रात पूरे नहीं हो सकते।
गौरतलब है कि हावड़ा के जगाछा और जगदीशपुर स्वास्थ्य केंद्रों की वर्तमान स्थिति बहुत बेहतर नहीं है। इन्हें आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित कर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की योजना विधायक रुद्रनील घोष के नेतृत्व में बनाई जा रही है। इस पहल से इन दोनों क्षेत्रों के स्थानीय लोगों में खुशी का माहौल है।
Baat Hindustan Ki Online News Portal