Breaking News

गलत इंजेक्शन लगाने के आरोप में 11 वर्षीय छात्र की मौत, डॉक्टर के चैंबर के बाहर शव रखकर प्रदर्शन

बीरभूम – पश्चिम बंगाल, बात हिन्दुस्तान की।

बीरभूम जिले के रामपुरहाट थाना क्षेत्र में कथित तौर पर गलत इंजेक्शन लगाए जाने के बाद 11 वर्षीय स्कूली छात्र की मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने चिकित्सक के चैंबर के सामने शव रखकर विरोध प्रदर्शन किया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।

मृत छात्र की पहचान बेलेहाट नारायणपुर गांव निवासी प्रियोजीत माल के रूप में हुई है। वह सातवीं कक्षा का छात्र था।

परिवार के अनुसार, सोमवार सुबह पेट में दर्द की शिकायत के बाद प्रियोजीत के पिता बुद्धदेव माल उसे इलाज के लिए रामपुरहाट के चिकित्सक अरिंदम चटर्जी के चैंबर में लेकर गए थे। आरोप है कि चिकित्सक ने चैंबर में ही बालक को दो इंजेक्शन लगाए।

परिजनों का कहना है कि इंजेक्शन लगाए जाने के कुछ ही देर बाद प्रियोजीत की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। हालत गंभीर होने पर परिजन उसे तत्काल रामपुरहाट मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

बालक की मौत की खबर फैलते ही परिवार और स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। इसके बाद परिजनों ने शव को चिकित्सक के चैंबर के सामने रखकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित किया। परिवार ने चिकित्सक पर गलत इंजेक्शन लगाने का गंभीर आरोप लगाया है।

हालांकि, बच्चे की मौत वास्तव में किस वजह से हुई, यह जांच और चिकित्सकीय रिपोर्ट सामने आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

About editor

Check Also

बाली में कई सीपीआईएम पार्टी कार्यालयों में तोड़फोड़, 60-70 लोगों के बाइक सवार समूह पर आरोप

बाली – हावड़ा – पश्चिम बंगाल, बात हिन्दुस्तान की। हावड़ा के बाली इलाके में सीपीआईएम …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *