Breaking News

हावड़ा में भारी बारिश से जनजीवन बेहाल, बाबूडांगा में पुराना मकान का हिस्सा गिरा; बुजुर्ग को सुरक्षित बचाया गया

–पुष्पा शाव, हावड़ा – पश्चिम बंगाल।

सोमवार सुबह से हो रही लगातार भारी बारिश के कारण हावड़ा के कई निचले इलाकों में जलजमाव की स्थिति बन गई। सड़कें पानी में डूब गईं, जिससे आम लोगों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

इसी बीच उत्तर हावड़ा के सालकिया बाबूडांगा इलाके में एक पुराने तीन मंजिला मकान का हिस्सा अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे के दौरान दूसरी मंजिल के एक कमरे में 62 वर्षीय बुजुर्ग फंस गए। सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद खिड़की काटकर बुजुर्ग को सुरक्षित बाहर निकाला।

घटना सोमवार सुबह करीब 11:20 बजे मालिपांचघड़ा थाना क्षेत्र के सालकिया स्थित 151, श्रीराम ढ्यांग रोड, पावर हाउस के पास हुई। पुराने मकान की छत की कार्निस समेत एक हिस्सा अचानक गिर पड़ा था।

घटना की जानकारी मिलते ही मालिपांचघड़ा थाना पुलिस और हावड़ा नगर निगम के अधिकारी मौके पर पहुंचे। फिलहाल नगर निगम की ओर से मलबा हटाने का काम किया जा रहा है।

वहीं, भारी बारिश के कारण लिलुआ के दासपाड़ा ऑटो स्टैंड और झील रोड समेत कई इलाकों में पानी भर गया। जलजमाव और सड़क की खराब स्थिति के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई वाहन बीच सड़क पर खराब होने से यातायात भी प्रभावित हुआ।

सालकिया रोड पर भी जलजमाव के कारण पैदल यात्रियों और वाहन चालकों को परेशानी हुई। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पानी की निकासी ठीक से नहीं होने के कारण लगातार बारिश में स्थिति और गंभीर हो गई है।

मौसम विभाग ने हावड़ा समेत सात जिलों में भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। लगातार बारिश को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है।

About editor

Check Also

अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम, ध्रुव अग्रहरि ने किया नमन

हावड़ा – पश्चिम बंगाल। भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री, राष्ट्रनायक श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *