Breaking News

आसनसोल में नदी के तेज बहाव में डूबे युवक का 2 दिनों बाद शव बरामद, परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप

आसनसोल – पश्चिम बंगाल।

लगातार हो रही भारी बारिश के बीच नदी के तेज बहाव में बहकर लापता हुए युवक आमिर ग्यास का शव दो दिन बाद बरामद किया गया। घटना सीतारामपुर को राष्ट्रीय राजमार्ग से जोड़ने वाली सड़क के पास जोहरगढ़ श्मशान घाट इलाके की बताई जा रही है।

बताया गया है कि सोमवार रात आमिर ग्यास अपने साथी राजीव पासवान के साथ स्कूटी से जा रहा था। इसी दौरान नदी का पानी अचानक तेज हो गया और दोनों उसकी चपेट में आकर बह गए। राजीव पासवान किसी तरह नदी से बाहर निकलने में सफल रहा, लेकिन आमिर का कोई पता नहीं चल सका।

घटना की सूचना मिलने के बाद मंगलवार सुबह नियामतपुर फाड़ी पुलिस मौके पर पहुंची और नदी में तलाश अभियान चलाया, लेकिन आमिर का सुराग नहीं मिला। बुधवार सुबह परिजनों और स्थानीय लोगों ने दोबारा नदी में तलाश शुरू की। इसी दौरान नदी की झाड़ियों में आमिर का शव फंसा हुआ मिला।

सूचना मिलते ही नियामतपुर फाड़ी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए आसनसोल जिला अस्पताल भेज दिया।

वहीं, मृतक के परिजनों ने राजीव पासवान पर गंभीर आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। परिजनों का आरोप है कि घटना सोमवार रात हुई, लेकिन राजीव ने मंगलवार सुबह इसकी जानकारी दी। परिवार ने आशंका जताई है कि आमिर की मौत नदी के तेज बहाव में बहने के कारण हुई या इसके पीछे कोई और वजह है, इसकी पूरी जांच होनी चाहिए।

हालांकि, हत्या के आरोप की पुलिस ने अभी पुष्टि नहीं की है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और संबंधित लोगों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

लगातार बारिश के कारण नदी में तेज बहाव को देखते हुए पुलिस और प्रशासन की ओर से लोगों से सावधानी बरतने की अपील की गई है।

About editor

Check Also

पूर्व रेलवे का खाद्य गुणवत्ता और स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए कई स्टेशनों पर व्यापक औचक निरीक्षण

कोलकाता – पश्चिम बंगाल, बात हिन्दुस्तान की। पूर्व रेलवे की महाप्रबंधक गीतिका पांडेय के दूरदर्शी …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *