हावड़ा – पश्चिम बंगाल, बात हिन्दुस्तान की।
बेलूर बाजार के शिवचंद्र चटर्जी स्ट्रीट में आयोजित एक गणेश पूजा को लेकर तीखा विवाद खड़ा हो गया है। इस वर्ष पूजा की थीम ‘हिंदू राष्ट्र’ रखी गई है। थीम में भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सिद्धिदाता गणेश को एक साथ बैठे हुए दिखाया गया है। दोनों के हाथों में चाय का कप है, जिसे ‘चाय पे चर्चा’ की थीम के तौर पर प्रस्तुत किया गया है।
थीम के पीछे की दीवार पर ‘हिंदू राष्ट्र’ लिखा गया है। वहीं, एक तरफ भारत का नक्शा और उसके पास हिंदू ध्वज भी रखा गया है। गणेश पूजा की यह थीम सोशल मीडिया पर वायरल हो गई है और इसे लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
पूजा के आयोजक और पेशे से प्रमोटर खोकन कांरा ने कहा कि वह लंबे समय से इस पूजा का आयोजन करते आ रहे हैं। उन्होंने बताया कि यह उनकी व्यक्तिगत पूजा है और हर वर्ष वह पूजा में अलग-अलग थीम प्रस्तुत करते हैं। इस बार की थीम भी उनके ही दिमाग की उपज है और लोगों से इसे अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है।
हालांकि, इस थीम को लेकर बाली के विधायक संजय सिंह ने आपत्ति जताई है। उन्होंने कहा कि इस तरह धर्म के साथ राजनीति को जोड़ना उचित नहीं है। उनके मुताबिक, यह बंगाल की संस्कृति नहीं है।
संजय सिंह ने कहा कि गणेश भगवान की पूजा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने की है और उन्हें भगवान गणेश के साथ बैठकर चाय पीते हुए दिखाना स्वीकार नहीं किया जा सकता।
Baat Hindustan Ki Online News Portal