हावड़ा – पश्चिम बंगाल, बात हिन्दुस्तान की।
हावड़ा के बेंटरा थाना अंतर्गत मधुसूदन पाल चौधरी स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने राज्य के कई स्कूलों के लिए ‘सारथी’ योजना का शुभारंभ किया। इस योजना के तहत विद्यार्थियों को स्कूल आने-जाने के लिए साइकिल उपलब्ध कराई जा रही है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने स्कूल की शैक्षणिक एवं आधारभूत व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने मिड-डे मील की व्यवस्था का भी निरीक्षण किया और बच्चों के साथ बैठकर मिड-डे मील का भोजन किया।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को मोबाइल फोन से दूर रखने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार की ओर से 11वीं कक्षा के विद्यार्थियों को मोबाइल खरीदने के लिए दी जाने वाली 11 हजार रुपये की राशि की व्यवस्था को बंद कर अब एजुकेशन टैब देने की योजना बनाई जा रही है। उन्होंने कहा कि भले ही इस व्यवस्था में 10 हजार रुपये अधिक खर्च हों, लेकिन बच्चों को मोबाइल से दूर रखते हुए शिक्षा के लिए टैब उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने साइकिल वितरण योजना को लेकर भी पिछली व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले विद्यार्थियों को दी जाने वाली साइकिलें लुधियाना से आती थीं और यहां लाकर उन्हें असेंबल किया जाता था। मुख्यमंत्री के अनुसार, इस काम से जुड़ी पिछली व्यवस्था को बंद कर दिया गया है और सरकारी धन की बर्बादी रोकने पर जोर दिया जाएगा।
वहीं, मधुसूदन पाल चौधरी स्कूल के प्रधान शिक्षक ने बताया कि कार्यक्रम पहले से निर्धारित था और इसी कार्यक्रम के माध्यम से यहां से सारथी योजना की शुरुआत की गई। इस दौरान विद्यार्थियों को साइकिलें वितरित की गईं। उन्होंने कहा कि स्कूल एक पुराना और ऐतिहासिक शिक्षण संस्थान है तथा इसे और बेहतर मॉडल स्कूल के रूप में विकसित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
मुख्यमंत्री के बच्चों के साथ बैठकर मिड-डे मील करने को लेकर प्रधान शिक्षक ने बताया कि आज भी रोजाना के निर्धारित मेनू के अनुसार ही भोजन तैयार किया गया था। मेनू में भात, दाल, आलू-सोयाबीन की सब्जी और चटनी शामिल थी। हालांकि, रोज की तुलना में भोजन कुछ अधिक मात्रा में तैयार किया गया था। मुख्यमंत्री समेत सभी ने बच्चों के साथ बैठकर भोजन का आनंद लिया।
Baat Hindustan Ki Online News Portal