Breaking News

बंगाल में तीसरी बार बेटी को जन्म देने पर पति ने पत्नी को जबरन खिलाया कीटनाशक

सोनु झा

कोलकाता : बंगाल के मालदा जिले में एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। यहां एक महिला ने तीसरी बार लड़की को जन्म दिया तो इसके बाद पति ने महिला (पत्नी) को जबरदस्ती कीटनाशक खिला दिया।पत्नी के बाद पति ने सबसे छोटी बेटी को भी कीटनाशक खिलाने की कोशिश की।

स्थानीय पुलिस सूत्रों ने कहा कि अन्य दो बेटियां किसी तरह भागने में सफल रहीं और उन्होंने अपने नाना-नानी को सूचित किया जोकि इलाके में ही रहते हैं। घटना सोमवार देर रात की है।
पीड़िता के पिता ने स्थानीय लोगों की मदद से महिला और उसकी सबसे छोटी बेटी को बचाया और स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र ले गए। हालत गंभीर होने के कारण मां और बेटी को मालदा मेडिकल कालेज और अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया है।

 

बाद में महिला के पिता ने स्थानीय थाने में अपने दामाद के खिलाफ अपनी बेटी की हत्या के प्रयास का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई।उन्होंने शिकायत में पुलिस को बताया कि लगातार लड़कियों को जन्म देने के कारण मेरी बेटी को अक्सर मेरे दामाद द्वारा पीटा जाता था। अब उसने उसकी हत्या करने की कोशिश की। सौभाग्य से भागने में सफल रही, मेरी अन्य दो नातिन ने हमें समय पर सूचित कर दिया। अन्यथा हम उन्हें खो देते।

पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और आरोपित पति को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। हालांकि, आरोपित ने आरोपों से इन्कार किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी पत्नी का स्थानीय नागरिक स्वयंसेवक (सिविक पुलिस वालंटियर) के साथ विवाहेतर संबंध था, जिसके बाद उनके बीच अक्सर झगड़े होते थे और उनकी पत्नी ने कीटनाशक खाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया था। पुलिस जांच में जुटी है।

 

About editor

Check Also

पूज्यपाद जगद्गुरु शंकराचार्य गोवर्धन पीठाधीश्वर महाराज 84वां प्रकट्य दिवस

कोलकाता – पश्चिम बंगाल। पूज्यपाद जगद्गुरु शंकराचार्य गोवर्धन पीठाधीश्वर महाराज के 84वें प्रकट्य दिवस को …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *