Breaking News

पत्नी को मायके से बुलाने की जिद पर पति का हाई वोल्टेज ड्रामा

हावड़ा – पश्चिम बंगाल।

मायके गयी पत्नी को वापस लाने की जिद पर एक पति ने तीसरी मंजिल की बालकनी से कूदकर खुदकुशी करने की धमकी दी। इस घटना को लेकर इलाके में करीब दो घंटे तक हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा। बेंटरा थाना अंतर्गत एमएसपीसी लेन इलाके में हुई इस घटना के दौरान मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गयी, जिससे कुछ समय के लिए ट्रैफिक व्यवस्था भी प्रभावित हुई।

शुरुआत में परिजनों और स्थानीय लोगों ने युवक को समझाने और नीचे उतारने का प्रयास किया, लेकिन वह अपनी जिद पर अड़ा रहा। स्थिति बिगड़ती देख अंततः पुलिस और दमकल विभाग को सूचित किया गया। मौके पर पहुंचे दमकलकर्मियों ने सीढ़ी लगाकर युवक तक पहुंच बनायी और काफी समझाने-बुझाने के बाद उसे सुरक्षित नीचे उतारा।

जानकारी के अनुसार, बैंक कर्मचारी राहुल सिंह की शादी चार महीने पहले कोलकाता के जोड़ासांको की रहने वाली एक युवती से हुई थी। बताया जा रहा है कि शादी के बाद से ही दंपती के रिश्ते ठीक नहीं चल रहे थे और दोनों के बीच अनबन शुरू हो गयी। विवाद बढ़ने पर करीब 15 दिन पहले पत्नी अपने मायके चली गयी। राहुल ने अपनी पत्नी को वापस लाने की काफी कोशिश की, लेकिन बात नहीं बनी। परिजनों के मुताबिक, शुक्रवार को भी राहुल अपनी पत्नी को विदा कराकर लाने के लिए ससुराल गया था। आरोप है कि वहां उसके साथ मारपीट की गयी और पत्नी ने साथ आने से साफ मना कर दिया। ससुराल से लौटकर राहुल मानसिक रूप से परेशान हो गया और अपने घर की तीसरी मंजिल की बालकनी पर चढ़कर जान देने की धमकी देने लगा। पुलिस और दमकलकर्मियों की दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद उसे सकुशल बचाया जा सका। परिजनों का कहना है कि राहुल अत्यधिक तनाव के कारण अपना मानसिक संतुलन खो बैठा है, अब उसका इलाज कराने की तैयारी की जा रही है।

About editor

Check Also

दूरी नहीं, दिलों को जोड़ती हैं ये पटरियाँ: पूर्व रेलवे ने साझा राष्ट्रीय धरोहर की सुरक्षा हेतु जनता से की अपील

कोलकाता – पश्चिम बंगाल। पूर्व रेलवे की रेलगाड़ियाँ प्रतिदिन लाखों लोगों के सपनों को अपने …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *