Breaking News

उत्तर हावड़ा में टोटो परिचालन को लेकर असमंजस, डीसीपी नॉर्थ ने साफ की स्थिति

हावड़ा – पश्चिम बंगाल, बात हिन्दुस्तान की।

उत्तर हावड़ा से बेलूड़ तक टोटो परिचालन बंद होने की खबरों के बीच टोटो चालकों और आम यात्रियों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है। सड़क की खराब हालत को देखते हुए कुछ रूटों पर टोटो परिचालन रोकने के लिए कहा गया है। हालांकि, इसे पूरे हावड़ा में टोटो सेवा बंद करने का निर्देश बताया जाना गलत है।

हावड़ा सिटी पुलिस के डीसीपी नॉर्थ गणेश विश्वास ने फोन पर बातचीत के दौरान बताया कि संबंधित इलाकों की सड़कों की स्थिति काफी खराब हो चुकी है और उनकी मरम्मत बेहद जरूरी है। इसी को ध्यान में रखते हुए कुछ रूटों पर टोटो चालकों से टोटो का परिचालन बंद रखने के लिए कहा गया है।

डीसीपी नॉर्थ ने स्पष्ट किया कि टोटो चालकों को अन्य रूटों पर टोटो चलाने की अनुमति है। उन्होंने कहा कि पूरी तरह से टोटो बंद करने का कोई निर्देश नहीं दिया गया है। ऐसे में टोटो पूरी तरह बंद होने की बात को उन्होंने गलत अफवाह बताया।

गौरतलब है कि उत्तर हावड़ा इलाके में टोटो परिचालन को लेकर अचानक रोक की खबर सामने आने के बाद सैकड़ों चालकों के बीच चिंता बढ़ गई थी। रोजाना टोटो चलाकर परिवार का भरण-पोषण करने वाले चालकों को आशंका थी कि यदि लंबे समय तक परिचालन बंद रहा तो उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो सकता है।

वहीं, सड़क की खराब स्थिति को देखते हुए प्रशासन द्वारा मरम्मत पर जोर दिया जाना जरूरी माना जा रहा है। हालांकि, प्रभावित रूटों पर टोटो परिचालन कब तक बंद रहेगा और सड़क की मरम्मत का काम कब तक पूरा होगा, इसे लेकर अभी स्पष्ट समयसीमा सामने नहीं आई है।

डीसीपी नॉर्थ के बयान के बाद फिलहाल यह स्पष्ट हो गया है कि टोटो का पूर्ण परिचालन बंद नहीं किया गया है, बल्कि सड़क की खराब स्थिति को देखते हुए कुछ निर्धारित रूटों पर ही टोटो चलाने से फिलहाल परहेज करने को कहा गया है।

About editor

Check Also

सांतरागाछी में घंटों लोकल ट्रेनें सिग्नल पर खड़ी, यात्री पैदल स्टेशन की ओर जाने को मजबूर

हावड़ा – पश्चिम बंगाल, बात हिन्दुस्तान की। सांतरागाछी स्टेशन में प्रवेश करने से पहले डाउन …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *