हावड़ा – पश्चिम बंगाल, बात हिन्दुस्तान की।
बारिश थमने के बावजूद हावड़ा नगर निगम के कुछ निचले इलाकों में अब भी पानी जमा हुआ है। गंदे पानी के बीच से होकर स्थानीय लोगों को आवागमन करना पड़ रहा है। नालियों में पानी जमा होने के कारण पंप के जरिए पानी निकालना संभव नहीं हो पा रहा है। ऐसे में हावड़ा नगर निगम ने पानी निकालने के लिए एक अनोखी पहल करते हुए दमकल विभाग की मदद ली है।
घटना हावड़ा नगर निगम के 50 नंबर वार्ड के धारा पाड़ा इलाके की है। यहां जमा पानी निकालने के लिए दमकल की एक गाड़ी लाई गई। सक्शन मशीन की मदद से जमा पानी को खींचकर दमकल के टैंक में भरा जा रहा है और फिर उसे किसी दूर स्थित खाली जगह पर ले जाकर छोड़ा जा रहा है। दमकल कर्मी दिनभर इस काम में जुटे हुए हैं।
इस अभियान का आज मौके पर पहुंचकर शिवपुर के विधायक रुद्रनील घोष ने निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार के कार्यकाल में जल निकासी व्यवस्था को लेकर पर्याप्त काम नहीं किया गया, जिसके कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बारिश का पानी निकल नहीं पा रहा है और इसी वजह से दमकल की मदद से पानी निकालकर दूसरी जगह ले जाना पड़ रहा है।
विधायक ने कहा कि आने वाले दिनों में लोगों को जलजमाव की समस्या से स्थायी रूप से राहत दिलाने के लिए योजना बनाई गई है।
वहीं, दमकल कर्मियों ने बताया कि दमकल विभाग का काम केवल आग बुझाना ही नहीं है, बल्कि आपातकालीन परिस्थितियों में भी इसकी महत्वपूर्ण भूमिका होती है। इसी वजह से विभाग का नाम फायर एंड इमरजेंसी सर्विस रखा गया है।
Baat Hindustan Ki Online News Portal